गोविंदपुर में बने कृत्रिम छठ घाट, जिला पार्षद डॉ. परितोष सिंह की पहल से व्रतियों को मिलेगी राहत
तीनतल्ला चौक, वीर शिवाजी पार्क, कर्पूरी पार्क समेत कई स्थानों पर निःशुल्क जेसीबी से कराया गया घाटों का निर्माण, विभिन्न छठ घाटों की साफ-सफाई की भी हुई व्यवस्था
जमशेदपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर गोविंदपुर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह की पहल पर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर कृत्रिम छठ घाटों का निर्माण कराया गया है। इससे छठ व्रतियों को भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने में काफी सहूलियत मिलेगी।
डॉ. परितोष सिंह के प्रयास से तीनतल्ला चौक, वीर शिवाजी पार्क, कर्पूरी पार्क, सरस्वती मैदान एवं पुतुल मैदान सहित कई स्थानों पर निःशुल्क जेसीबी उपलब्ध कराकर कृत्रिम छठ घाटों का निर्माण कराया गया। इसका उद्देश्य उन श्रद्धालुओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है, जिन्हें प्राकृतिक जलाशयों तक पहुंचने में परेशानी होती है।
इसके अलावा गोवर्धन पार्क, अमलतास सिटी पार्क, केसी कुदर छठ घाट, रांची रोड छठ घाट, खाखरीपाड़ा छठ घाट, मिथिला भवन छठ घाट एवं मुख्य सड़क सहित क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई गई है।
इस संबंध में डॉ. परितोष सिंह ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, पवित्रता और स्वच्छता का प्रतीक है। इस अवसर पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। उनकी प्राथमिकता है कि क्षेत्र के सभी छठ घाटों पर स्वच्छता और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध रहें, ताकि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें।
जिला पार्षद की इस पहल से गोविंदपुर क्षेत्र के छठ व्रतियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने भी कृत्रिम छठ घाटों के निर्माण और साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर डॉ. परितोष सिंह के प्रयासों की सराहना की है।






