छठ महापर्व को लेकर विधायक मंगल कालिंदी ने शिव-पार्वती और महाकालेश्वर छठ घाट का किया निरीक्षण
घाटों की साफ-सफाई और आवश्यक तैयारियां जल्द पूरी करने का निर्देश, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पहुंच पथ की कराई जा रही लेवलिंग
जमशेदपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र में घाटों की साफ-सफाई एवं तैयारियों को अंतिम रूप देने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी एवं कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान ने शिव-पार्वती छठ घाट और महाकालेश्वर छठ घाट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विधायक एवं कार्यपालक पदाधिकारी ने दोनों घाटों की साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की सुविधाओं तथा छठ पूजा को लेकर की जा रही अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित सभी सुपरवाइजरों को घाटों पर सफाई कार्य में तेजी लाने तथा पूजा से जुड़ी तमाम जरूरी तैयारियां जल्द से जल्द पूरी करने का निर्देश दिया गया।
वहीं, शिव-पार्वती छठ घाट तक पहुंचने वाले मार्ग को भी श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। इसके तहत सड़क की लेवलिंग का कार्य कराया जा रहा है, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को घाट तक आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
विधायक मंगल कालिंदी ने छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि छठ महापर्व की पूर्व संध्या तक दोनों घाटों के साथ-साथ आवागमन मार्ग से संबंधित सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।





