निशुल्क कांवर यात्रा की संयोजिका बनीं कुमकुम श्रीवास्तव, 9 अगस्त को बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए निकलेगी सेवा यात्रा

जमशेदपुर: बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ द्वारा आगामी 9 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली निशुल्क कांवर यात्रा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफल बनाने के उद्देश्य से संघ की बैठक में सर्वसम्मति से श्रीमती कुमकुम श्रीवास्तव को यात्रा का संयोजक नियुक्त किया गया।

संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष कांवर यात्रा में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा तथा यात्रा के बेहतर संचालन को ध्यान में रखते हुए कुमकुम श्रीवास्तव को पूरे कार्यक्रम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि कुमकुम श्रीवास्तव लंबे समय से सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों से जुड़ी रही हैं और उनके अनुभव का लाभ यात्रा के सफल आयोजन में मिलेगा।

उन्होंने बताया कि कुमकुम श्रीवास्तव अपने पति एवं पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव के साथ पूरी कांवर यात्रा में शामिल रहेंगी। दोनों श्रद्धालुओं के बीच रहकर यात्रा के प्रत्येक चरण की निगरानी करेंगे तथा व्यवस्थाओं का संचालन करेंगे, ताकि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से आयोजित यह निशुल्क कांवर यात्रा हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनती है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए आवागमन, भोजन, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, विश्राम, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की जाएगी। संघ के स्वयंसेवक पूरी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा में तैनात रहेंगे।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इस धार्मिक यात्रा का मुख्य उद्देश्य भगवान बाबा बैद्यनाथ के प्रति श्रद्धा और भक्ति को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज में सेवा, सहयोग और एकता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस निशुल्क कांवर यात्रा में शामिल होकर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करने तथा इस पुण्य आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई