रांची: 135वें इंडियनऑयल डूरंड कप के ट्रॉफी टूर का शनिवार को रांची पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। इसके साथ ही झारखंड की राजधानी रांची ने पहली बार डूरंड कप के मेज़बान शहर के रूप में अपनी ऐतिहासिक शुरुआत की। भारतीय सेना की पूर्वी कमान की ओर से दीपाटोली मिलिट्री स्टेशन स्थित केरकेट्टा ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में टूर्नामेंट की तीनों प्रतिष्ठित ट्रॉफियों का स्वागत किया गया।
समारोह में झारखंड सरकार के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेल एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार मुख्य अतिथि तथा कॉम्बैट आईबीजी-23 के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल सज्जन सिंह मान विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में खेल विभाग के निदेशक छवि रंजन, ब्रिगेडियर के. आनंद, ब्रिगेडियर मनोज कुमार झा, कर्नल अमित कुमार यादव, कर्नल हेम चंद्र सहित सेना के वरिष्ठ अधिकारी, खेल जगत से जुड़े गणमान्य लोग और विभिन्न क्लबों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
अपने संबोधन में मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि रांची में डूरंड कप का आयोजन झारखंड के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि 26 जुलाई को बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में होने वाले उद्घाटन मुकाबले में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने खेल प्रेमियों से बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की।
समारोह के दौरान डूरंड कप की गौरवशाली विरासत और राष्ट्रपति भवन में हुए ट्रॉफी अनावरण पर आधारित विशेष फिल्म दिखाई गई। इसके बाद भांगड़ा, संथाली और छऊ नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों ने झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की। कार्यक्रम में डूरंड कप, प्रेसिडेंट्स कप और शिमला ट्रॉफी का औपचारिक प्रदर्शन किया गया तथा ट्रॉफी रोड शो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
मेजर जनरल सज्जन सिंह मान ने कहा कि पिछले वर्ष जमशेदपुर में सफल आयोजन के बाद इस बार डूरंड कप का विस्तार रांची तक किया गया है। इससे झारखंड की फुटबॉल संस्कृति को नई पहचान मिलेगी और राज्य के खेल प्रेमियों को देश की प्रतिष्ठित फुटबॉल प्रतियोगिता का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होगा।
ट्रॉफी रोड शो दीपाटोली से निकलकर कोकर, लालपुर चौक, करमटोली रोड, कचहरी रोड और सुजाता चौक होते हुए वापस मिलिट्री स्टेशन पहुंचा। इस दौरान न्यूक्लियस मॉल, मोराबादी मैदान और फिरायालाल चौक पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सेना के बैंड की प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। बड़ी संख्या में लोगों ने ऐतिहासिक ट्रॉफियों के दर्शन किए।
रांची के नोडल अधिकारी कर्नल हेम चंद्र ने कहा कि पहली बार डूरंड कप की मेज़बानी करना झारखंड के लिए गर्व की बात है और रांची इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
ट्रॉफी टूर का अगला पड़ाव 20 जुलाई को गुमला होगा, जहां रोड शो, शहीद परमवीर चक्र विजेता अल्बर्ट एक्का की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि, बालक वर्ग की प्रदर्शनी फुटबॉल प्रतियोगिता और पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा।
रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में ग्रुप-सी के सभी मुकाबले खेले जाएंगे। इस ग्रुप में जमशेदपुर एफसी, स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली, भारतीय वायु सेना फुटबॉल टीम और श्रीलंका की डिफेंडर्स एफसी शामिल हैं। रांची में पहला मुकाबला 26 जुलाई को जमशेदपुर एफसी और डिफेंडर्स एफसी के बीच खेला जाएगा, जबकि 16 अगस्त को यहां एक क्वार्टर फाइनल मुकाबला भी आयोजित होगा।
135वां इंडियनऑयल डूरंड कप 25 जुलाई से 23 अगस्त 2026 तक कोलकाता, रांची, गुवाहाटी, शिलांग और इम्फाल में आयोजित किया जाएगा। इस संस्करण में कुल 24 टीमें छह मैदानों पर 43 मुकाबले खेलेंगी। उद्घाटन मैच 25 जुलाई को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में मोहुन बागान सुपर जायंट और ईस्ट बंगाल एफसी के बीच खेला जाएगा, जबकि फाइनल मुकाबला 23 अगस्त को इसी मैदान पर आयोजित होगा।






