लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ आंदोलन में जदयू भी होगा शामिल : सुबोध श्रीवास्तव
एनडीए घटक दल के नाते भाजपा के अभियान को समर्थन, आमबगान में पूरी टीम के साथ शामिल होंगे जदयू पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता
जमशेदपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत 5 नवंबर को जमशेदपुर के साकची स्थित आमबगान मैदान में आयोजित प्रदर्शन एवं पदयात्रा में जनता दल यूनाइटेड भी शामिल होगा। जदयू के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने प्रेस वक्तव्य जारी कर इसकी जानकारी दी।
सुबोध श्रीवास्तव ने बताया कि भाजपा द्वारा देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था, संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता से जुड़े मुद्दों को लेकर यह अभियान चलाया जा रहा है। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दल चुनावी हार के बाद संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। इसी के विरोध में भाजपा द्वारा जनजागरण एवं प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले दिनों रांची में भाजपा द्वारा आयोजित लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ कार्यक्रम में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी शामिल हुए थे। वहीं, 31 अक्टूबर को झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के जमशेदपुर आगमन पर जदयू के जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव एवं महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने उनसे मुलाकात की थी। इस दौरान आदित्य साहू ने एनडीए के घटक दल के नाते जदयू के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से जमशेदपुर में आयोजित होने वाले आंदोलन में शामिल होकर समर्थन देने का आग्रह किया था। साथ ही उन्होंने दूरभाष पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से भी बातचीत कर इस आंदोलन में शामिल होने का आग्रह किया था।
इसके अतिरिक्त भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने भी जदयू जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव को पत्र लिखकर तथा दूरभाष पर बातचीत कर 5 नवंबर को आमबगान में आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने का आमंत्रण एवं आग्रह किया था।
सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि जदयू एनडीए का घटक दल है और गठबंधन की एकजुटता के तहत पार्टी इस कार्यक्रम में अपनी पूरी भागीदारी निभाएगी। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से जदयू के जिला एवं महानगर स्तर के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि और कार्यकर्ता 5 नवंबर को आमबगान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर अपना समर्थन देंगे।
उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर आमबगान पहुंचकर कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।





