घाटशिला: घाटशिला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मुसाबनी प्रखंड के सुरदा तांबा खदान में कार्यरत आर.के. अर्थ लिमिटेड के ठेका मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर झामुमो नेता बाघराय मार्डी की मौजूदगी में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक सुरदा बाजार में हुई, जिसमें बड़ी संख्या में ठेका मजदूर शामिल हुए।
बैठक के दौरान पूर्व में ठेका कंपनी और मजदूरों के बीच 13 सूत्री मांगों पर हुई सहमति की समीक्षा की गई। मजदूरों ने आरोप लगाया कि वार्ता के 15 दिन बीत जाने के बावजूद कंपनी ने समझौते के अधिकांश बिंदुओं पर कोई ठोस पहल नहीं की है।
बैठक के बाद झामुमो नेता एवं मजदूरों के प्रतिनिधि बाघराय मार्डी ने कहा कि ठेका कंपनी आर.के. अर्थ लिमिटेड समझौता पत्र की शर्तों की लगातार अनदेखी कर रही है। उन्होंने बताया कि कैंटीन की सुविधा, वर्दी उपलब्ध कराना, मजदूरों का अपग्रेडेशन, प्रमोशन पॉलिसी लागू करना, अनस्किल्ड मजदूरों को स्किल्ड का दर्जा देने सहित अन्य मांगों पर कंपनी गंभीर नहीं दिख रही है।

उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही समझौते का पालन नहीं किया गया तो मजदूर अपने हक और अधिकारों की लड़ाई के लिए एकजुट होकर आंदोलन करेंगे। बैठक में मौजूद मजदूरों ने भी सर्वसम्मति से आंदोलन की रणनीति तैयार करने का निर्णय लिया और कंपनी से शीघ्र सभी मांगों को लागू करने की मांग की।





