जादूगोड़ा दौरे पर इंटक प्रदेश अध्यक्ष ने मजदूरों की समस्याओं को लेकर एचसीएल व यूसिल प्रबंधन से की वार्ता

जमशेदपुर/जादूगोड़ा: इंटक के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय ने सोमवार को जादूगोड़ा दौरे के दौरान हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) एवं यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसिल) के प्रबंधन के साथ अलग-अलग बैठक कर मजदूरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक में राकेश्वर पाण्डेय ने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ-साथ श्रमिकों के हितों का संरक्षण भी आवश्यक है। उन्होंने प्रबंधन से मजदूरों को बेहतर कैंटीन सुविधा, समय पर यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने, अतिरिक्त कार्य के बदले नियमानुसार ओवरटाइम भुगतान, रात्रि पाली में कार्य करने वाले कर्मचारियों को रात्रि भत्ता देने तथा अन्य वैधानिक सुविधाएं सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि कंपनी में विस्थापित परिवारों एवं भूतपूर्व कर्मचारियों के आश्रितों को नियोजन में प्राथमिकता दी जाए, जिससे स्थानीय लोगों का विश्वास बना रहे और औद्योगिक शांति कायम रहे।

राकेश्वर पाण्डेय ने कहा कि श्रमिकों की समस्याओं का समय पर समाधान होने से उत्पादन क्षमता बढ़ती है और कंपनी तथा कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रबंधन श्रमिक हितों से जुड़े इन महत्वपूर्ण सुझावों पर सकारात्मक पहल करेगा।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई