मोबाइल लिंक भेजकर ₹3.08 लाख की साइबर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी
डुमरिया पुलिस की कार्रवाई, साइबर फ्रॉड में इस्तेमाल मोबाइल, बैंक दस्तावेज व अन्य सामान बरामद
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले की डुमरिया थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले का सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर मोबाइल पर फर्जी लिंक भेजकर पंजाब निवासी एक व्यक्ति से 3.08 लाख रुपये की साइबर ठगी करने का आरोप है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को बिष्टुपुर स्थित साइबर क्राइम थाना को एनसीसीआरपी (NCCRP) पोर्टल के प्रतिबिंब ऐप के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता करण जैन, पिता नरेंद्र कुमार, निवासी पटियाला (पंजाब) ने बताया कि उनके मोबाइल पर एक फर्जी लिंक भेजा गया। लिंक के माध्यम से उनकी व्यक्तिगत जानकारी प्राप्त कर साइबर अपराधियों ने उनके खाते से 3,08,000 रुपये की ठगी कर ली।
इस शिकायत के आधार पर डुमरिया थाना सनहा संख्या-015/26, दिनांक 9 जुलाई 2026 दर्ज किया गया। मामले के अनुसंधान के लिए मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी शाखा की सहायता से पुलिस ने डुमरिया थाना क्षेत्र के खैरबनी, बॉकीशोल गांव निवासी विकाश बारिक (20 वर्ष) एवं अजय कुमार नायक उर्फ सोनू नायक (31 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि इस साइबर ठगी में कृष्णा ओझा, निवासी दहीगोड़ा (घाटशिला) भी शामिल है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने साइबर ठगी में प्रयुक्त मोबाइल फोन, बैंकिंग दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण सामान बरामद किया।
जांच के दौरान दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन में मौजूद गूगल पे ट्रांजैक्शन की जांच की गई, जिसमें अवैध लेन-देन के प्रमाण मिले। इसके बाद सभी बरामद सामानों को जब्त कर विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में डुमरिया थाना कांड संख्या-11/26, दिनांक 9 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 111(4), 317(2), 318(4), 319(2), 340(2) तथा आईटी एक्ट 2008 की धारा 66(सी) एवं 66(डी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को 10 जुलाई 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं, फरार आरोपी कृष्णा ओझा की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

गिरफ्तार आरोपी
विकाश बारिक (20 वर्ष), पिता – सुरज बारिक, निवासी खैरबनी, बॉकीशोल, थाना डुमरिया, जिला पूर्वी सिंहभूम।
अजय कुमार नायक उर्फ सोनू नायक (31 वर्ष), पिता – सुशेन चंद्र नायक, निवासी खैरबनी, बॉकीशोल, थाना डुमरिया, जिला पूर्वी सिंहभूम।
दोनों आरोपियों का कोई पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं मिला है।
बरामद सामान
विकाश बारिक के पास से:
इनफिनिक्स कंपनी का ग्रे रंग का स्मार्टफोन
एसबीआई का एटीएम कार्ड
एसबीआई कियोस्क बैंकिंग आइडेंटिटी कार्ड
पैन कार्ड
आधार कार्ड
गूगल पे के अवैध ट्रांजैक्शन की विवरणी
अजय कुमार नायक उर्फ सोनू नायक के पास से:
टेक्नो कंपनी का काले रंग का स्मार्टफोन
बैंक ऑफ इंडिया (घाटशिला शाखा) की पासबुक
पैन कार्ड
आधार कार्ड
गूगल पे के अवैध ट्रांजैक्शन की विवरणी
पुलिस का कहना है कि मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा होने की संभावना है। जांच जारी है।





