मुहर्रम-2026 के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर केंद्रीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न

जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर
प्रेस विज्ञप्ति 414/2026
20 जून 2026

मुहर्रम-2026 के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर केंद्रीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न

उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत एवं साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

मुहर्रम-2026 के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण एवं शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने को लेकर टाउन हॉल, सिदगोड़ा में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी श्री राजीव रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पाण्डेय ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में केंद्रीय शांति समिति के सदस्यों, विभिन्न अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान मुहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्गों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में शांति समिति के सदस्यों एवं अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न सुझाव एवं स्थानीय स्तर की समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया गया। उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को प्राप्त सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पर्व के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए समन्वित रूप से कार्य करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने तथा पर्व के दौरान निरंतर निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने एवं सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को पूर्व से दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट साझा नहीं करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की। साथ ही सभी अखाड़ा समितियों से प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग करने का आग्रह किया।

उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की समृद्ध परंपरा वाला जिला है। सभी समुदायों के सहयोग एवं सहभागिता से प्रत्येक पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होता रहा है। मुहर्रम पर्व के दौरान भी प्रशासन की प्राथमिकता नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना है। सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा प्राप्त सुझावों के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया गया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मुहर्रम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम लगातार निगरानी रखेगी। सभी नागरिकों, अखाड़ा समितियों एवं युवाओं से अपील है कि वे आपसी भाईचारे की भावना के साथ पर्व मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग करें।

बैठक में अपर उपायुक्त, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था), पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर निकायों के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं केंद्रीय शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।

#Team PRD (East Singhbhum)

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

राष्ट्र चेतना ने मनाया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राष्ट्र चेतना के सदस्यों ने एकत्रित होकर उत्साहपूर्वक योग दिवस मनाया। इस अवसर पर योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन एवं शारीरिक फिटनेस का संदेश दिया गया