*झारखंड में ईडी और राज्य पुलिस आमने-सामने, पेयजल घोटाले की जांच में फिर टकराव
*रांची :* झारखंड में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और राज्य पुलिस के बीच एक बार फिर टकराव की स्थिति बन गई है। पेयजल घोटाले की जांच के दौरान गुरुवार सुबह रांची पुलिस की एक टीम एयरपोर्ट रोड स्थित ईडी कार्यालय पहुंची। पुलिस वहां मुख्य अभियुक्त संतोष कुमार द्वारा ईडी अधिकारियों पर लगाए गए मारपीट के आरोपों की जांच और पूछताछ के लिए पहुंची थी।
ईडी कार्यालय के बाहर केंद्रीय सुरक्षा बल (CSF) के जवानों की कड़ी तैनाती और अंदर पुलिस की मौजूदगी ने माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया। इस घटनाक्रम को दोनों एजेंसियों के बीच अधिकारों की टकराहट के रूप में देखा जा रहा है।
यह पहला मौका नहीं है जब राज्य पुलिस और ईडी आमने-सामने आई हों। इससे पहले अवैध खनन और साहिबगंज टोल टेंडर मामले में भी दोनों एजेंसियों के बीच विवाद सामने आ चुका है। राज्य सरकार द्वारा केंद्रीय एजेंसियों की पूछताछ को लेकर बनाई गई एसओपी को ईडी ने अपने संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए अस्वीकार कर दिया था।
भूमि घोटाले की जांच के दौरान भी रिश्वत के आरोपों और पुलिस कार्रवाई को लेकर मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा था, जहां ईडी ने अपने खिलाफ दर्ज प्राथमिकी की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है।
ताजा विवाद पेयजल घोटाले के अभियुक्त संतोष कुमार की शिकायत से शुरू हुआ है, जिसमें उन्होंने ईडी अधिकारियों पर पूछताछ के दौरान मारपीट करने और साक्ष्य नष्ट करने का गंभीर आरोप लगाया है। एक ओर ईडी घोटाले में बड़े और प्रभावशाली लोगों की भूमिका की जांच कर रही है, वहीं दूसरी ओर राज्य पुलिस अब ईडी अधिकारियों की कार्यशैली की जांच में जुट गई है।
एजेंसियों के बीच जारी यह खींचतान झारखंड की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का प्रमुख विषय बनी हुई है।






