मानगो में पेयजल संकट विकराल, चार-पांच दिनों से पानी की सप्लाई ठप: विकास साहनी
जमशेदपुर, 05 नवंबर। मानगो क्षेत्र में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। जनता दल (यूनाइटेड) की मानगो नगर निगम क्षेत्र समिति के अध्यक्ष विकास कुमार साहनी ने बताया कि मानगो के कुमरुम बस्ती में पिछले चार-पांच दिनों से पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप है। इसके कारण टंकी के पानी पर निर्भर रहने वाले हजारों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पानी की सप्लाई बंद होने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कामकाजी लोग अपने काम-धंधे छोड़कर पानी की व्यवस्था करने में जुटे हैं। वहीं मजदूर वर्ग के लोगों को अपनी दिहाड़ी मजदूरी छोड़कर पानी के इंतजार में घर बैठने को मजबूर होना पड़ रहा है।
इस समस्या को लेकर विकास कुमार साहनी ने कुमरुम बस्ती पानी टंकी से जुड़े पदाधिकारियों से मुलाकात कर पानी की सप्लाई बंद होने का कारण जानना चाहा। पदाधिकारियों ने बताया कि मोटर खराब हो गई है और उसे ठीक करने में अभी एक-दो दिन का अतिरिक्त समय लग सकता है।
साहनी ने कहा कि पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए लोगों को कई दिनों तक परेशान होना पड़ रहा है, जो बेहद चिंताजनक है। पेयजल की नियमित आपूर्ति नहीं होने से कुमरुम बस्ती, समता नगर, पारडीह सहित आसपास के क्षेत्रों में हाहाकार मचा हुआ है।
उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की कि खराब मोटर को जल्द से जल्द ठीक कराकर पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि आम लोगों को इस गंभीर संकट से राहत मिल सके।





