जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता, अंतरराज्यीय चोर गिरोह का खुलास
जमशेदपुर के गोलमुरी और बिरसानगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर शहर लाया है। पुलिस ने इनके पास से करीब 70 लाख रुपये मूल्य के चोरी के सामान बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में चांदी के जेवरात, ताला काटने वाला कटर, एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी के साथ ही बिरसानगर और गोलमुरी थाना क्षेत्र में हुई चोरी की कई घटनाओं का खुलासा कर दिया है।
जिले के एसएसपी पीयूष पांडे ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपी बिहार, बंगाल और झारखंड के विभिन्न इलाकों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। बिरसानगर और गोलमुरी में बड़ी चोरी करने के बाद ये लोग नेपाल भाग गए थे, जहां चोरी का सामान बेचकर जुआ खेला। पैसे खत्म होने के बाद आरोपी बिहार के पटना में शरण लेकर रह रहे थे।
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने कड़ी मेहनत और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पटना से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया है कि वे चोरी के सामान को गलाकर बेच देते थे और गूगल मैप की मदद से रिहायशी इलाकों में बंद पड़े घरों की पहचान कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी के बाद तुरंत शहर छोड़कर फरार हो जाते थे।
फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है, वहीं पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।






