जनजातीय गौरव दिवस आदिवासी समाज के इतिहास, बलिदान और योगदान को राष्ट्रीय पहचान देने का संकल्प : चम्पाई सोरेन
पूर्व सीएम चम्पाई सोरेन ने कहा- आदिवासी समाज के विकास के बिना विकसित भारत का सपना अधूरा, केंद्र सरकार की योजनाओं से बदल रही जनजातीय क्षेत्रों की तस्वीर
जमशेदपुर। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरायकेला के विधायक चम्पाई सोरेन ने 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस को आदिवासी समाज के इतिहास, संघर्ष, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को सम्मान देने का ऐतिहासिक अवसर बताया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को वह राष्ट्रीय पहचान दिलाने की पहल की, जिसके वे लंबे समय से हकदार थे। दशकों तक इतिहास की पुस्तकों में बाबा तिलका मांझी, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, पोटो हो, तेलंगा खड़िया, नीलांबर-पीतांबर और टाना भगत जैसे महान सेनानियों के संघर्ष एवं बलिदान को अपेक्षित स्थान नहीं मिला।
चम्पाई सोरेन ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल अतीत के गौरव को याद करने का दिन नहीं, बल्कि आदिवासी समाज को सम्मान, अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास के समान अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प भी है। आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास के बिना विकसित भारत की कल्पना पूरी नहीं हो सकती।
पीएम जनमन योजना से आदिम जनजातियों को मिल रहा लाभ
केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में जनजातीय समाज के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। इनमें पीएम जनमन योजना विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनी है।
उन्होंने बताया कि झारखंड में इस योजना के तहत 36,630 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 13,706 आवास पूरे हो चुके हैं। इसके अलावा 11,415 घरों तक बिजली पहुंचाई गई है, 2,182 परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़ा गया है तथा 490 गांवों में पाइप जलापूर्ति शुरू हुई है। वहीं, 568 गांवों और टोलों को मोबाइल नेटवर्क से जोड़ा गया है। 70 मोबाइल मेडिकल यूनिट और 35 वन धन विकास केंद्र भी संचालित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सबर, असुर, बिरहोर, पहाड़िया और कोरवा जैसी झारखंड की आदिम जनजातियों के जीवन में इन योजनाओं का महत्वपूर्ण योगदान है।
झारखंड के 7,139 गांव धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान में शामिल
चम्पाई सोरेन ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत देश के 549 जिलों के 63,843 जनजातीय बहुल गांवों के विकास का लक्ष्य रखा गया है। पांच वर्षों में पांच करोड़ से अधिक आदिवासियों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए 79,156 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। झारखंड के 7,139 गांव इस अभियान में शामिल हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में भी हो रहा बदलाव
एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में केवल 123 एकलव्य विद्यालय थे, जबकि अब इनकी संख्या 728 (कुछ निर्माणाधीन) हो गई है। इनमें करीब 1.32 लाख आदिवासी विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
झारखंड में 91 एकलव्य विद्यालय स्वीकृत हैं, जिनमें 51 में पढ़ाई शुरू हो चुकी है और 7,550 विद्यार्थी निःशुल्क शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इसके अलावा राज्य के 1,94,246 आदिवासी बच्चों को केंद्र सरकार द्वारा छात्रवृत्ति दी जा रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आदिवासी भाषाओं और सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि जनजातीय समाज की परंपराओं, संस्कृति और विशिष्ट जीवनशैली को संरक्षित रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आदिवासी बच्चों को उनकी मातृभाषा में प्राथमिक शिक्षा उपलब्ध कराने की पहल उन्होंने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में की थी, लेकिन सरकार बदलने के बाद इसे रोक दिया गया।
उन्होंने विश्वास जताया कि अपनी भाषा, इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ाव बढ़ने से आदिवासी समाज की नई पीढ़ी में आत्मगौरव और सांस्कृतिक चेतना मजबूत होगी।
चम्पाई सोरेन ने कहा कि जनजातीय समाज को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि देश के विकास और निर्णय प्रक्रिया का सक्रिय भागीदार बनाना आवश्यक है। जनजातीय गौरव दिवस अतीत के बलिदानों को नमन करने, वर्तमान में अधिकारों को सुनिश्चित करने और आने वाली पीढ़ियों को अपनी गौरवशाली विरासत सौंपने का संकल्प लेने का अवसर है।






