बिशुनपुर थाना क्षेत्र के जालिम गांव जंगल में बुधवार की सुबह प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन झारखंड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) और जिला पुलिस बल के बीच भीषण मुठभेड़ हुई।
इस एनकाउंटर में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने तीन उग्रवादियों को ढेर कर दिया, जिनमें दो सब जोनल कमांडर भी शामिल हैं। मारे गए उग्रवादियों की पहचान लालू लोहरा, छोटू उरांव और सुजीत उरांव के रूप में हुई है।
लोहरदगा का रहने वाला लालू लोहरा जेजेएमपी का सब जोनल कमांडर था। उसके पास से पुलिस ने एके-47 बरामद की है। उस पर पांच लाख रुपये का इनाम भी घोषित था। इसी तरह छोटू उरांव लातेहार का निवासी और सब जोनल कमांडर था। उस पर भी पांच लाख रुपये का इनाम था।





