उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक, वरीय पुलिस अधीक्षक, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, सिटी एसपी, एसडीएम धालभूम एवं घाटशिला एवं संबंधित विभागीय पदाधिकारी रहे मौजूद, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी ऑनलाइन जुड़े
खनिजों का अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरूद्ध तेज करें कार्रवाई, अवैध बालू घाटों पर सघन निगरानी रखें… उपायुक्त
समाहरणालय सभागार, जमशेदपुर में उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आहूत की गई । वरीय पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पांडेय, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्री अनिकेत सचान, सिटी एसपी श्री कुमार शिवाशीष, एसडीएम धालभूम श्रीमती शताब्दी मजूमदार, एसडीएम घाटशिला श्री सुनील चंद्र समेत अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी बैठक में उपस्थित रहे वहीं अंचलाधिकारी तथा थाना प्रभारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए । बैठक में जिला अंतर्गत खनिजों के अवैध खनन. भंडारण एवं परिवहन के विरूद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने का निदेश दिया गया ।
उपायुक्त ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कार्रवाई परिणात्मक के साथ-साथ गुणात्मक हो, सीओ एवं थाना प्रभारी अवैध खनिज कारोबारियों पर नकेल कसें, टास्क फोर्स के सभी विभाग सूचनातंत्र मजबूत करते हुए संयुक्त रूप से अवैध कारोबारियों पर सटीक कार्रवाई करें। रैयती जमीन पर बालू का अवैध भंडारण पाया जाता है तो संबंधित रैयतदार पर एफआईआर करें, सरकारी जमीन पर बालू के अवैध भंडारण में सीओ की जवाबदेही तय की जाएगी ।
बैठक में जानकारी दी गई कि वर्ष 2025-26 में अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन के 57 मामलों में 14 एफआईआर दर्ज कराते हुए 43 वाहन जप्त किए गए । वहीं, करीब 8 लाख रू. जुर्माना वसूला गया । वहीं पिछले एक माह में 8 वाहन जप्त किए गए । उपायुक्त द्वारा खनन टास्क फोर्स को कार्रवाई तेज किए जाने का निर्देश दिया गया । ओवरलोड वाहनों पर भी नियमसंगत कार्रवाई तथा फर्जी खनिज चालान के जांच का निदेश दिया गया ।
बैठक में उपायुक्त द्वारा अवैध ईंट भट्ठों एवं क्रशर संचालकों की सघन जांच कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी औद्योगिक या निर्माण इकाई में नाबालिग श्रमिक कार्यरत न हों, इसकी नियमित रूप से जांच की जाए। साथ ही, बंद पड़ी खदानों में अवैध उत्खनन की संभावनाओं पर सतत निगरानी रखने और ऐसी गतिविधियों को सख्ती से रोकने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।
उपायुक्त ने कहा कि अवैध गतिविधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। जिला प्रशासन द्वारा गठित टीमों को क्षेत्र में भ्रमण कर समय-समय पर निरीक्षण करने को कहा गया। पर्यावरण एवं श्रमिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी औद्योगिक गतिविधियों की नियमित ऑडिट की आवश्यकता पर बल दिया गया। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी इकाइयों को लाइसेंस, पर्यावरणीय स्वीकृति एवं श्रम कानूनों के अनुपालन की स्थिति स्पष्ट रूप से जांची जाए।
बैठक में डीटीओ श्री धनंजय, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री पंचानन उरांव, डीएमओ श्री सतीश नायक, एसडीपीओ श्री अजीत कुजूर, डीएसपी श्री भोला प्रसाद, फैक्ट्री इंस्पेक्टर व अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।






