रांची. टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की तस्वीरें अक्सर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो जाती हैं. लेकिन, धोनी की इस बार की तस्वीरें कई मायनों में खास और अलग हैं. दरअसल महेंद्र सिंह की ये तस्वीरें बीजेपी नेताओं के साथ मुलाकात की है, जिसको लेकर चर्चाओं का बाजार भी गर्म हो गया है. जानकारी के अनुसार रांची एयरपोर्ट पर प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, रांची के विधायक सीपी सिंह और कांके के विधायक समरी लाल ने क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी से मुलाकात की. हालांकि यह मुलाकात महज संयोग बताई जा रही है, लेकिन इसकी तस्वीरें कई कयासों जन्म दे रही है.
दरअसल गृहमंत्री अमित शाह के रांची आगमन क दौरान भाजपा नेता उनके स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर मौजूद थे. महेंद्र सिंह धोनी उस समय एयरपोर्ट पर मौजूद थे. इसी क्रम में तीनों नेताओं के साथ उनकी मुलाकात हो गई. भाजपा नेता के साथ धोनी के इस मुलाकात के कई मायने भी लोग निकाल रहे हैं. लोगों का कहना है कि क्या धोनी राजनीति में आएंगे ? बहरहाल तस्वीर सामने आने के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म है.