निखार हत्याकांड में शूटर सागर से 72 घंटे पूछताछ, पुलिस को मिले अहम सुराग
रेकी से लेकर गोलीबारी तक की कड़ी खंगाल रही पुलिस, पूछताछ के बाद आरोपित को सरायकेला जेल भेजा गया
जमशेदपुर : कदमा विजया हेरिटेज निवासी होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड में मुख्य शूटर सागर सिंह उर्फ शिबू से पुलिस ने 72 घंटे तक पूछताछ की। चांडिल थाना पुलिस ने रिमांड पर लेकर उससे हत्या से जुड़े कई बिंदुओं पर जानकारी जुटाई। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे वापस सरायकेला जेल भेज दिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में सागर ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उससे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
हत्या से पहले निखार की तस्वीर भेजी गई थी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, निखार सबलोक की हत्या के लिए सागर सिंह को उसकी तस्वीर भेजी गई थी। इसके बाद उसने कथित तौर पर निखार की गतिविधियों की जानकारी जुटाने के लिए लोगों को रेकी करने भेजा था। पहले भेजे गए लोग वारदात को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद सागर सिंह ने अंकित सिंह के साथ मिलकर हत्या की योजना को अंजाम दिया।
जांच के अनुसार, 24 अगस्त को सागर सिंह और अंकित सिंह कार से होटल पहुंचे थे। कार सुनील रजक चला रहा था। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि हत्या से पहले रेकी करने वाले लोगों की क्या भूमिका थी और वारदात को अंजाम देने के लिए किस स्तर पर योजना बनाई गई थी।
धनबाद में मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया था सागर
निखार सबलोक हत्याकांड का आरोपित सागर सिंह उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर का रहने वाला है। पिछले दिनों धनबाद पुलिस के साथ मुठभेड़ में वह घायल हो गया था। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर धनबाद जेल भेजा गया था। निखार हत्याकांड में पूछताछ के लिए चांडिल पुलिस ने उसे रिमांड पर लिया था। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे सरायकेला जेल भेज दिया गया।
कई आरोपित पहले ही जा चुके हैं जेल
निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस अब तक कई आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इनमें सोनारी खूंटाडीह निवासी अशोक सिंह राघव, कपाली निवासी अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह, बागबेड़ा प्रधान टोला निवासी कन्हैया सिंह, सोनारी निवासी सुशील केराई, मानगो निवासी सुनील रजक, रोहित सिंह, उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी राज कुमार सिंह उर्फ प्रिंस और अंकित सिंह शामिल हैं। इसके अलावा कोलकाता पुलिस के ट्रैफिक सार्जेंट अयन गुप्ता और महिला पुलिस अधिकारी ट्विंकल दास को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस की जांच अब हत्या की साजिश, रेकी और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका पर केंद्रित है। सागर से पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।





