कदमा में जमीन अतिक्रमण करने का विरोध, जेबीकेएसएस ने किया प्रदर्शन

कदमा उलियान स्थित नील सरोवर की जमीन का अतिक्रमण किए जाने का आरोप लगाते हुए झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति (जेबीकेएसएस) के सदस्यों ने शनिवार को जमकर बवाल काटा. समिति के सदस्य उलियान स्थित समाधि स्थल पर जुटे और वहां से पारंपरिक हथियार के साथ नारेबाजी करते हुए नील सरोवर पहुंचे. यहां पहले से मौजूद पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया लेकिन सभी जबरन भीतर घुस आए और नारेबाजी की. समिति का आरोप था कि उक्त जमीन स्वर्गीय गणेश चंद्र महतो के नाम पर है इसलिए उनके नाम का बोर्ड उक्त स्थल पर लगाया जाना चाहिए. समिति के सदस्य अनूप महतो ने बताया कि सरोवर की जमीन पर मंत्री बन्ना गुप्ता, टाटा स्टील समेत अन्य असामाजिक तत्वों द्वारा जबरन कब्जा किया जा रहा है जो उचित नहीं है.इधर, डीएसपी सीसीआर अनिमेष गुप्ता, कदमा थानेदार समेत भारी संख्या में पुलिस के जवान क्यूआरटी की टीम मौके पर पहुंची और समझाने का प्रयास किया. लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े थे. सूचना मिलने पर एसडीओ पीयूष सिन्हा भी मौका पर पहुंचे और समिति के सदस्यों से वार्ता की. लगभग आधे घंटे की वार्ता के बाद भी किसी तरह का निर्णय नहीं निकला. एसडीएम ने बताया कि पूरे मामले से उच्च अधिकारियों का अवगत कराया जाएगा.।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई