परसुडीह में बैंक सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, डीएसपी और थाना प्रभारी ने किया निरीक्षण

परसुडीह में बैंक सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, डीएसपी और थाना प्रभारी ने किया निरीक्षण

सीसीटीवी, अलार्म सिस्टम और सुरक्षा उपकरणों की जांच, खामियां मिलने पर बैंक प्रबंधन को सुधार के निर्देश

जमशेदपुर: शहर में लगातार सामने आ रही चोरी और डकैती की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने बैंक सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के परसुडीह थाना क्षेत्र में डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार और परसुडीह थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा ने विभिन्न बैंकों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों, अलार्म सिस्टम और सुरक्षा से जुड़े अन्य उपकरणों की बारीकी से जांच की। साथ ही बैंक भवन की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि बैंक परिसर में लगे सुरक्षा उपकरण सही तरीके से काम कर रहे हैं या नहीं और किसी आपात स्थिति में उनका इस्तेमाल प्रभावी ढंग से किया जा सकता है या नहीं।

जांच के दौरान जिन बैंकों में सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित कमियां पाई गईं, वहां के अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधन को सीसीटीवी कैमरों को हमेशा चालू हालत में रखने, अलार्म सिस्टम की नियमित जांच करने और सुरक्षा से जुड़े सभी उपकरणों को दुरुस्त रखने की हिदायत दी।

पुलिस ने बैंक प्रबंधन को स्पष्ट संदेश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि बैंक जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों की सुरक्षा बेहद जरूरी है, क्योंकि यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग वित्तीय लेन-देन के लिए पहुंचते हैं।

गौरतलब है कि शहर में हाल के दिनों में चोरी और बैंक डकैती जैसी घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने और बैंक परिसरों को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस की ओर से लगातार सुरक्षा जांच की जा रही है। परसुडीह में किया गया यह निरीक्षण भी इसी अभियान का हिस्सा है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई