104वें वर्ष में प्रवेश करेगी श्री श्री रामलीला उत्सव समिति, 11 अक्टूबर से होगा भव्य मंचन
वृंदावन की सुप्रसिद्ध मंडली करेगी भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का मंचन
जमशेदपुर : साकची स्थित रामलीला मैदान में श्री श्री रामलीला उत्सव समिति की ओर से 11 अक्टूबर से रामलीला का भव्य मंचन शुरू होगा। इस वर्ष समिति अपने ऐतिहासिक आयोजन के 104वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। शनिवार, 10 अक्टूबर को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उपाध्यक्ष पवन अग्रहरि ने बताया कि रामलीला के आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
समिति के अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष वृंदावन की सुप्रसिद्ध श्री आदर्श रामलीला एवं रासलीला मंडली को आमंत्रित किया गया है। मंडली के संचालक संतोष दुबे हैं। मंडली के कलाकार भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों का भव्य मंचन करेंगे।
मनोज मिश्रा ने कहा कि रामलीला के माध्यम से लोगों तक धर्म, अध्यात्म और भारतीय संस्कृति का संदेश पहुंचाना समिति का प्रमुख उद्देश्य है। भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा को मंचन के माध्यम से प्रस्तुत कर नई पीढ़ी को इन मूल्यों से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।
समिति के कार्यकारी अध्यक्ष रामफल मिश्रा ने बताया कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा को जीवंत रखने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। इसके जरिए समाज में सद्भाव, आपसी सहयोग और सकारात्मक विचारों को मजबूत करने का प्रयास किया जाता है।
वहीं, समिति के महामंत्री शंकर लाल सिंघल ने बताया कि समिति धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए भी प्रतिबद्ध है। युवाओं के बीच रामचरितमानस, सत्संग और अध्यात्म के प्रचार-प्रसार के माध्यम से संस्कार एवं नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
समिति के कोषाध्यक्ष रामकेवल मिश्रा ने आयोजन में शहरवासियों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से रामलीला देखने पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का अवसर भी है।
समिति की ओर से इस वर्ष पर्यावरण संरक्षण को भी गतिविधियों का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है। लोगों को स्वच्छता, हरियाली और शुद्ध पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के लिए पौधरोपण सहित विभिन्न प्रयास किए जाएंगे।
समिति ने शहरवासियों से 11 अक्टूबर से शुरू होने वाली रामलीला में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।






