बहरागोड़ा: बारिश का कहर: उफान पर नदियां, दर्जनों टोले बने टापू और किसान पस्त
बहरागोड़ा: शनिवार से शुरू हुई अनवरत बारिश ने सोमवार को रिकॉर्ड 320 एमएम का आंकड़ा छूते ही पूरे बहरागोड़ा प्रखंड में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं, जिससे आम जीवन पूरी तरह ठप्प हो गया है। उफान मारती स्वर्णरेखा नदी और रगड़ो खाल के विकराल रूप धारण करने से आधा दर्जन गांवों के टोले जलमग्न होकर टापू बन गए हैं, जबकि पाँचबड़िया-ब्राह्मणकुंडी पुल जर्जर होने और खंडामौदा-पाठपुर मुख्य मार्ग के कीचड़-तालाब में तब्दील होने से कई पंचायतों का संपर्क कट गया है। इस दलदली सड़क पर जमशेदपुर जा रही एक खचाखच भरी बस अनियंत्रित होकर खेत में गिरते-गिरते बची, जिससे यात्री अनहोनी से बाल-बाल बच निकले। बारिश के कारण नालियों का कचरा गलियों में फैलने, घरों में पानी घुसने और तैयार सब्जियों की फसल जलमग्न होकर सड़ जाने से किसानों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जिसका सीधा असर आने वाले दिनों में सब्जियों के बढ़ते दामों के रूप में आम जनता की जेब पर पड़ना तय है।






