पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि पातरहातु गांव में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान कुन्डिया सिंकु (53 वर्ष), पिता स्वर्गीय बड़ाय सिंकु, निवासी पातरहातु के रूप में हुई।
मृतक की पत्नी मनीती कुई के लिखित आवेदन पर कुमारडुंगी थाना में कांड संख्या 19/2026 दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जगन्नाथपुर रफायल मुर्मू के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया। वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर 4 अगस्त को पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों मंगल हेम्ब्रम उर्फ मंगल सिंह हेम्ब्रम (38), कुशनु हेम्ब्रम (45) और गणेश हेम्ब्रम (29) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तीन लकड़ी के डंडे बरामद कर जब्त किए गए। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जांच में यह भी सामने आया कि हत्या की वारदात प्रेम-प्रसंग को लेकर हुए विवाद के कारण अंजाम दी गई थी। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
छापेमारी अभियान में पुलिस निरीक्षक बासुदेव मुण्डा, कुमारडुंगी थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी समेत कुमारडुंगी एवं झींकपानी अंचल के पुलिस पदाधिकारी तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।






