पोटका में पहली बार लगा ड्राइविंग लाइसेंस कैंप, विधायक संजीव सरदार ने युवाओं को बांटे लर्निंग लाइसेंस

ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को अब लाइसेंस बनवाने के लिए नहीं लगाना पड़ेगा प्रखंड मुख्यालय का चक्कर, विधायक ने कहा- जल्द पोटका के अन्य क्षेत्रों में भी लगेगा शिविर

पोटका। झारखंड सरकार के निर्देश पर मंगलवार को पोटका प्रखंड मुख्यालय में जिला परिवहन कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम की ओर से ड्राइविंग लाइसेंस कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में पोटका प्रखंड के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में युवक-युवतियां ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने पहुंचे। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन पोटका विधायक संजीव सरदार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने युवाओं के बीच लर्निंग लाइसेंस का वितरण भी किया।

ग्रामीण युवाओं को घर के करीब मिल रही सुविधा

इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि झारखंड के इतिहास में पहली बार युवा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सोच के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। दूरी और अन्य कारणों से कई युवा लाइसेंस नहीं बनवा पाते थे, जिससे उन्हें आगे चलकर कई तरह की परेशानियां होती थीं। अब सरकार की इस पहल से ग्रामीण युवाओं को अपने क्षेत्र में ही यह सुविधा मिल रही है।

भीड़ को देखते हुए अन्य क्षेत्रों में भी लगेंगे कैंप

विधायक ने कहा कि पोटका में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग आज के शिविर में किसी कारणवश ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने से वंचित रह गए हैं, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। जल्द ही पोटका के अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसी तरह के शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने युवाओं से यातायात नियमों का पालन करते हुए वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहन चलाने की अपील की।

कार्यक्रम में बीडीओ अरुण कुमार मुंडा, अंचलाधिकारी निकिता बाला, थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित जिला परिवहन कार्यालय एवं प्रखंड प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई