धालभूमगढ़ में ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण शिविर आयोजित, 251 अभ्यर्थियों को मिला लर्नर लाइसेंस

जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर
प्रेस विज्ञप्ति 501/2026
21 जुलाई 2026

राज्य सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देश के आलोक में उपायुक्त श्री राजीव रंजन के निर्देशानुसार जिले में 02 जुलाई से 08 सितंबर 2026 तक सभी प्रखंडों एवं ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज धालभूमगढ़ प्रखंड परिसर में जिला परिवहन कार्यालय द्वारा ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण शिविर का आयोजन किया गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार के नेतृत्व में आयोजित शिविर में कुल 287 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। इनमें से निर्धारित प्रक्रिया एवं परीक्षा सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले 251 अभ्यर्थियों को लर्नर लाइसेंस प्रदान किया गया। शेष आवेदनों में आवश्यक दस्तावेजों अथवा अन्य निर्धारित मानकों की पूर्ति नहीं होने के कारण नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस अवसर पर माननीय विधायक श्री सोमेश चन्द्र सोरेन, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीमती बबली कुमारी, मोटरयान निरीक्षक श्री निशांत कुमार महतो एवं श्री ईश्वर लाल साव ने सफल अभ्यर्थियों को लर्नर लाइसेंस प्रदान कर शुभकामनाएं दीं।

शिविर के दौरान उपस्थित अभ्यर्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट एवं बुकलेट वितरित करते हुए यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में जिला परिवहन कार्यालय के पदाधिकारी एवं कर्मियों के साथ सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य भी उपस्थित रहे।

#Team PRD (East Singhbhum)

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई