झारखंड पुलिस में बड़ा फेरबदल, 41 इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों का तबादला

रांची,: झारखंड पुलिस विभाग में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। पुलिस मुख्यालय ने 41 इंस्पेक्टर रैंक के पुलिस पदाधिकारियों का एक जिले से दूसरे जिले तथा विभिन्न वाहिनियों में तबादला किया है। इस संबंध में डीजीपी के आदेश के बाद आईजी मानवाधिकार की ओर से सोमवार को अधिसूचना जारी की गई।

राज्य पुलिस स्थापना परिषद की 20 जुलाई को हुई बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर यह तबादला किया गया। जारी आदेश में सभी एसएसपी, वरीय पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल विरमित कर नए पदस्थापन स्थल के लिए रवाना करें।

पुलिस मुख्यालय ने संबंधित अधिकारियों की ज्वाइनिंग सुनिश्चित करने तथा इसकी अनुपालन रिपोर्ट शीघ्र भेजने का निर्देश भी जारी किया है। इस तबादले को पुलिस प्रशासन को और अधिक प्रभावी तथा सुचारू बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Comment