जिला जनसम्पर्क कार्यालय, रांची
प्रेस विज्ञप्ति संख्या – 465/2026
दिनांक :- 20 जुलाई 2026
आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
22 जुलाई 2026 से मोरहाबादी स्टेडियम परिसर में कुल 12 टिकट काउंटरों से होगी टिकटों की बिक्री
सुबह 11:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक होगी टिकटों की बिक्री
निःशुल्क मिलेगा टिकट, प्राप्त करने वाले व्यक्ति को प्रस्तुत करना होगा अपना वैध पहचान पत्र
डूरंड कप 2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित की गई। इसमें आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, श्री मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि डूरंड कप देश का प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट है। इसके सफल आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक व्यवस्था समय से पूर्व पूर्ण कर लें, ताकि खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में बताया गया कि 22 जुलाई 2026 से मोरहाबादी स्टेडियम परिसर में कुल 12 टिकट काउंटरों के माध्यम से टिकटों की बिक्री प्रारंभ होगी। प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक टिकटों की बिक्री की जाएगी। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, श्री मंजूनाथ भजंत्री ने सभी टिकट काउंटरों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि टिकट बिक्री की प्रक्रिया सुचारू, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके। टिकट प्राप्त करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को अपना वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इससे टिकट वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सकेगी।
बैठक में टिकटों के रंग एवं दर्शकों की बैठने की व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
मैच के दिनों में यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, श्री मंजूनाथ भजंत्री ने पूर्व से चिन्हित पार्किंग स्थलों पर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, वाहनों के सुचारू संचालन, आवश्यक संकेतक लगाने तथा यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में 26 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, श्री मंजूनाथ भजंत्री ने सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
दर्शकों एवं खिलाड़ियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, श्री मंजूनाथ भजंत्री ने आयोजन स्थल पर एम्बुलेंस, मेडिकल टीम, चिकित्सकों, आवश्यक दवाओं तथा फायर ब्रिगेड की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को पूरी तरह सतर्क एवं तैयार रहने को कहा।
बैठक में खिलाड़ियों एवं टीम अधिकारियों की आवाजाही को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, श्री मंजूनाथ भजंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ सभी टीमों को उनके निर्धारित स्थानों तक सुरक्षित एवं समय पर पहुँचाया जाए तथा उनके आवागमन के दौरान आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूर्णतः पालन किया जाए।
इसके अतिरिक्त विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास द्वार, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा जांच, सीसीटीवी निगरानी, नियंत्रण कक्ष, संचार व्यवस्था तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, श्री मंजूनाथ भजंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आयोजन से संबंधित सभी तैयारियाँ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएँ तथा प्रत्येक विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए डूरंड कप 2026 के सफल आयोजन को सुनिश्चित करे।
बैठक में उप विकास आयुक्त, रांची श्री संजय भगत, पुलिस अधीक्षक (नगर) श्री पारस राणा, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री कुमार रजत, सहायक समाहर्ता सुश्री आस्था शरण, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) श्री धनंजय, उप निदेशक, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, जिला नजारत उपसमाहर्ता, जिला खेल पदाधिकारी, मेजर आनंद प्रकाश, सिविल सर्जन कार्यालय के प्रतिनिधि सहित आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
★अबुआ साथी–9430328080
जन शिकायत हेतु रांची जिला प्रशासन का आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर
#TeamPrdRanchi






