चाईबासा: सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने शनिवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बोदरा चौक में हुई छिनतई की घटना का खुलासा किया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़िता से छीना गया सैमसंग कंपनी का टैबलेट और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है।
बहामन टूटी ने बताया कि 17 जुलाई 2026 को ललिता नायक (31 वर्ष), पिता दुनिया नायक, निवासी दिकुबालकांड, थाना कुमारडुंगी के लिखित आवेदन पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मुफस्सिल थाना कांड संख्या 96/2026 धारा 304 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। पीड़िता ने बताया था कि बोदरा चौक के पास साइकिल पर रखे उनके बैग की छिनतई कर ली गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रवि कुमार साव (32 वर्ष), पिता सुरेश साव, निवासी न्यू कॉलोनी निमडीह, थाना मुफस्सिल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पीड़िता का सैमसंग कंपनी का टैबलेट बरामद किया गया।
आगे की पूछताछ में रवि कुमार साव ने बताया कि छीने गए बैग में रखा वीवो कंपनी का मोबाइल फोन उसने अपने साथी दानु कारवा (22 वर्ष), पिता स्वर्गीय अर्जुन कारवा, निवासी छोटा निमडीह, थाना सदर को बेचने के लिए दिया था। इसके बाद पुलिस ने दानु कारवा को गिरफ्तार कर उसके पास से मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार रवि कुमार साव का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सदर थाना और मुफस्सिल थाना में पहले से कई मामले दर्ज हैं।
बरामद सामान में सैमसंग कंपनी का टैबलेट, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन
छापामारी दल में शामिल अधिकारी बहामन टूटी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर चाईबासा, विनोद कुमार, थाना प्रभारी, मुफस्सिल थाना, रामायण सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक,
अरविंद कुमार शर्मा, पुलिस अवर निरीक्षक, मुफस्सिल थाना रिजर्व गार्ड।
प्रेसवार्ता के दौरान मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार भी उपस्थित रहे।






