चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव थाना क्षेत्र के पांडुकी गांव में आदिवासी ‘हो’ समाज के युवाओं के साथ हुई कथित मारपीट और जानलेवा हमले की घटना को लेकर आदिवासी हो समाज युवा महासभा और मानकी मुंडा संघ ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने मामले में दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच तथा मझगांव थाना प्रभारी के निलंबन की मांग की है।
ज्ञापन में संगठन ने आरोप लगाया कि 14 जुलाई को देशाउली स्थल के समीप कुछ युवक शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। विरोध करने पर आदिवासी समाज के युवाओं के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जानलेवा हमला किया गया, जिसमें कई युवक घायल हो गए। संगठन का आरोप है कि घटना के बाद भी स्थानीय पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं की, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी है।
ज्ञापन में मझगांव थाना प्रभारी की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया गया कि पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया। संगठन का कहना है कि इससे आदिवासी समाज में असुरक्षा और आक्रोश की भावना बढ़ी है।
युवा महासभा ने यह भी कहा कि पिछले कुछ महीनों में क्षेत्र में फसल नुकसान, चोरी, मारपीट और सामाजिक तनाव से जुड़ी कई घटनाएं हुई हैं, जिनमें आदिवासी समाज के लोगों को नुकसान उठाना पड़ा है। इन मामलों में भी समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया।
संगठन ने पुलिस अधीक्षक से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी, मामले की निष्पक्ष जांच तथा मझगांव थाना प्रभारी की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच कर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया। ज्ञापन की प्रतिलिपि उपायुक्त, पश्चिमी सिंहभूम तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक, कोल्हान प्रमंडल को भी भेजी गई है।
प्रतिनिधिमंडल में मानकी मुंडा संघ के केंद्रीय अध्यक्ष गणेश पाट पिंगुवा, आदिवासी हो समाज युवा महासभा के महासचिव गब्बर सिंह हेंब्रम, केंद्रीय संयुक्त सचिव रवि बिरुली, जिलाध्यक्ष शेर सिंह बिरुवा, सचिव ऑयबन हेंब्रम, युवा संयुक्त सचिव सुरेंद्र पूरती, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र पूरती, बांध विरोधी संघ के उपाध्यक्ष रेयांस सामड तथा सत्यब्रत बिरुवा सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।






