पोटका: पोटका-कुदादा मुख्य मार्ग पर वर्षों से निर्माणाधीन पुलिया के समीप बनाया गया अस्थायी डायवर्सन अब लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। बरसात के मौसम में डायवर्सन घुटने भर पानी और कीचड़ से भर जाने के कारण यहां लगभग रोज दुर्घटनाएं हो रही हैं। राहगीरों, बाइक सवारों और साइकिल चालकों को जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के कारण डायवर्सन पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गया है। पानी भर जाने से सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती, जिससे वाहन चालक और पैदल राहगीर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। कई लोग फिसलकर घायल हो चुके हैं, लेकिन निर्माण कार्य में अब तक कोई तेजी नहीं लाई गई है।
इस समस्या से नाराज ग्रामीणों ने डायवर्सन पर प्रदर्शन कर निर्माण एजेंसी और ठेकेदार के खिलाफ जमकर विरोध जताया। प्रदर्शन में शामिल देवी कुमारी भूमिज ने कहा कि पुलिया का निर्माण वर्षों से अधूरा पड़ा है, जिसके कारण लोगों को कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। जो अस्थायी डायवर्सन बनाया गया है, वह भी सुरक्षित नहीं है और लोगों की जान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा पुलिया का निर्माण युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए। साथ ही जब तक पुलिया तैयार नहीं हो जाती, तब तक डायवर्सन को सुरक्षित और आवागमन योग्य बनाया जाए, ताकि आगे किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी की होगी।





