डॉक्टर बोले- समय पर इलाज नहीं कराने से गई जान, जांच के दौरान बच्ची गांव में नहीं थी
पोटका: पोटका प्रखंड के नारदा गांव में लापरवाही से इलाज के अभाव में एक मासूम की जान ले ली। परिजनों की कथित लापरवाही के कारण 12 वर्षीय अनीता सरदार की मंगलवार शाम मौत हो गई। वहीं उसका पांच वर्षीय भाई अजय सरदार ब्रेन मलेरिया पॉजिटिव पाया गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोटका के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुकांत सीट नारदा गांव पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि बच्ची के पिता कोंदा सरदार ने अनीता का समय पर समुचित इलाज नहीं कराया, जिससे उसकी मौत हो गई।
डॉ. सीट ने बताया कि 7, 8 और 9 जुलाई को गांव में विशेष मलेरिया जांच अभियान चलाया गया था। उस दौरान पूरे गांव में कोई भी व्यक्ति मलेरिया पॉजिटिव नहीं मिला था। अजय सरदार समेत परिवार के अन्य सदस्यों की भी जांच की गई थी, जिसमें संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई थी। हालांकि अनीता सरदार उस समय डुमरिया गई हुई थी, इसलिए 9 जुलाई को उसकी जांच नहीं हो सकी।

उन्होंने बताया कि अब अजय सरदार की जांच में ब्रेन मलेरिया की पुष्टि हुई है और उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
डॉ सीट ने लोगों से अपील की है कि बुखार, कंपकंपी या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराएं और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार पूरा इलाज कराएं, ताकि ऐसी दुखद घटनाओं से बचा जा सके।




