जमशेदपुर के बर्मामाइंस क्षेत्र स्थित ईस्ट प्लांट बस्ती, विनोबा आश्रम, धोबी घाट और चुनाभट्टा के बड़ी संख्या में बस्तीवासी मंगलवार को टाटा कंपनी के बर्मामाइंस स्थित वाटर प्लांट पहुंचे। लोगों ने अधिकारियों को बताया कि पिछले कई दिनों से सप्लाई के पानी में गंदगी और बदबू की समस्या बनी हुई है। इसके साथ ही पानी की आपूर्ति भी रोजाना 3 से 4 घंटे की देरी से हो रही है, जिससे क्षेत्र के लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों और महिलाओं को दैनिक कार्यों में परेशानी हो रही है।

बस्तीवासियों ने अधिकारियों से जल्द समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। लोगों का कहना था कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती। शिकायत सुनने के बाद अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पानी की गुणवत्ता और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं तथा एक सप्ताह के भीतर सभी समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं बस्तीवासियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि तय समय के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे बड़ी संख्या में एकजुट होकर आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।





