पोटका में अवैध क्लीनिकों पर छापेमारी, तीन क्लीनिकों से मांगा गया जवाब
पोटका: ब्रेन मलेरिया के बढ़ते मामलों और झोलाछाप चिकित्सकों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से क्लीनिकल एस्टेबलिशमेंट एक्ट के तहत शनिवार को सिविल सर्जन साहिर पोल एवं पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. सुकांत सीट के नेतृत्व में शंकरदा स्थित राजबाला क्लिनिक, मानव बंधु क्लिनिक एवं मनसा भगत क्लिनिक में छापेमारी की गई। जांच के दौरान किसी भी क्लीनिक में रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र अथवा प्रोविजनल रजिस्ट्रेशन उपलब्ध नहीं मिला। संचालकों से प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वे मौके पर दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सके। स्वास्थ्य विभाग ने तीनों क्लीनिक संचालकों को तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। डॉ. सुकांत सीट ने बताया कि यदि बिना वैध पंजीकरण के क्लीनिक संचालन की पुष्टि होती है तो क्लीनिकल एस्टेबलिशमेंट एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ब्रेन मलेरिया के दौरान झोलाछाप डॉक्टरों द्वारा गलत उपचार के कारण कई मरीजों की मौत हुई है, जिसे देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।






