टाटानगर के खास महल में बड़ा हादसा टला, बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकराया ट्रक
जमशेदपुर: टाटानगर के खास महल क्षेत्र में शनिवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार ट्रक अचानक सामने आए दो बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पेड़ से जा टकराया। हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक को मामूली चोटें आईं। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या JH05DL-3966 शनिवार सुबह करीब 4 बजे खास महल इलाके से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक दो बाइक सवार ट्रक के सामने आ गए। उन्हें बचाने के लिए चालक ने ट्रक को मोड़ने की कोशिश की, लेकिन वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक सड़क किनारे लगे पेड़ से जा भिड़ा।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि चालक को केवल हल्की चोटें आईं, जबकि दोनों बाइक सवार सुरक्षित बच निकले।
घटना की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया तथा दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने के लिए क्रेन मंगाई। समाचार लिखे जाने तक ट्रक को सड़क से हटाने की प्रक्रिया जारी थी।
पुलिस के अनुसार हादसे के बावजूद यातायात व्यवस्था पर कोई खास असर नहीं पड़ा और वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से चलती रही। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और अचानक ट्रक के सामने आ जाने वाले बाइक सवारों को दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





