पोटका सीएचसी प्रभारी डॉ. रजनी महाकुड़ निलंबित, ब्रेन मलेरिया से पांच बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई
पोटका: पूर्वी सिंहभूम के पोटका प्रखंड में ब्रेन मलेरिया से पांच बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पोटका के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रजनी महाकुड़ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनकी जगह डॉ. सुकांत सीट को नया प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की जांच में मलेरिया नियंत्रण एवं रोकथाम कार्यों में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। संयुक्त सचिव, स्वास्थ्य विभाग के आदेश और सिविल सर्जन के निर्देश पर डॉ. रजनी महाकुड़ को निलंबित करते हुए क्षेत्रीय उपनिदेशक, स्वास्थ्य सेवाएं कार्यालय, दुमका में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

जांच रिपोर्ट में समय पर मलेरिया नियंत्रण अभियान प्रभावी ढंग से नहीं चलाने, निगरानी व्यवस्था में कमी, रोकथाम संबंधी उपायों में लापरवाही तथा प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई नहीं करने जैसी गंभीर खामियों का उल्लेख किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ब्रेन मलेरिया से बच्चों की मौत के मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
इस बीच, नए प्रभारी डॉ. सुकांत सीट को तत्काल प्रभाव से कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के अधिकारियों को मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने, घर-घर जांच तेज करने, दवा वितरण, फॉगिंग, कीटनाशक छिड़काव और व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि ब्रेन मलेरिया पर जल्द नियंत्रण पाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।





