जिले में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभुकों को डीबीटी के माध्यम से किया गया राशि का भुगतान

जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर
प्रेस विज्ञप्ति 457/2026
07 जुलाई 2026

जिले में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभुकों को डीबीटी के माध्यम से किया गया राशि का भुगतान

मंईयां सम्मान योजना के 2.85 लाख से अधिक तथा सर्वजन पेंशन योजना के 2.48 लाख से अधिक लाभुक हुए लाभान्वित

पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत पात्र लाभुकों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सम्मान राशि एवं पेंशन राशि का भुगतान किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा सभी योजनाओं की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि पात्र लाभुकों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।

झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत जिले के 2,85,571 लाभुकों के बैंक खातों में मई माह तक की सम्मान राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित कर दी गई है। जून माह की सम्मान राशि के भुगतान की प्रक्रिया प्रगति पर है तथा शीघ्र ही संबंधित लाभुकों के खातों में राशि हस्तांतरित कर दी जाएगी।

इसी प्रकार सर्वजन पेंशन योजना के तहत जिले के कुल 2,48,123 लाभुकों को मई माह तक की पेंशन राशि का भुगतान कर दिया गया है। इनमें राज्य सामाजिक सुरक्षा वृद्धावस्था पेंशन योजना के 1,76,006, आदिम जनजाति पेंशन योजना के 6,067, राज्य विधवा सम्मान पेंशन योजना के 46,936, इंटरनली डिस्प्लेस्ड पेंशन स्कीम के 828, स्वामी विवेकानंद नि:शक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना के 18,279 तथा थर्ड जेंडर पेंशन योजना के 7 लाभुक शामिल हैं। जून माह की पेंशन राशि के भुगतान की प्रक्रिया भी प्रगति पर है।

वहीं, केन्द्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं के अंतर्गत जिले के कुल 44,002 लाभुकों को मार्च माह तक की पेंशन राशि का भुगतान किया जा चुका है। इनमें इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 35,625, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांगता पेंशन योजना के 524 तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 7,853 लाभुक शामिल हैं।

सामजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा जानकारी दी गई कि केन्द्र प्रायोजित योजनाओं के तहत आगामी महीनों की पेंशन राशि के भुगतान हेतु आवंटन प्राप्त होना शेष है। आवंटन प्राप्त होते ही शेष माह की पेंशन राशि भी सभी पात्र लाभुकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित कर दी जाएगी।

#Team PRD (East Singhbhum)

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई