Report By Shakti s prasad🏹
जमशेदपुर के चर्चित DD Bar हत्याकांड की जांच में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बार मैनेजर विजय महानंद ने कथित तौर पर बताया कि घटना वाली रात विवाद के बाद उसने बार संचालक नीरज सिंह को फोन किया था। उसके अनुसार, फोन नीरज सिंह के बेटे ने उठाया और कथित रूप से कहा, “दोनों का मन बढ़ गया है, अब दोनों को सबक सिखाना होगा।”
इस कथित बयान के बाद जांच एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुट गई हैं। पुलिस घटना से पहले और बाद में हुई कॉल, बातचीत और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है।
राजस्थान से ट्रांजिट रिमांड पर लाए गए मुख्य आरोपी नीरज सिंह को कोर्ट में पेश करने के बाद चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मेडिकल जांच के बाद उन्हें एमजीएम थाना में रखकर लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और अन्य आरोपियों के बयानों का मिलान कर रही है।

अब तक इस मामले में बार मैनेजर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। दो अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कई अहम तथ्यों से पर्दा उठ सकता है।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि वारदात पूर्व नियोजित थी या विवाद के बाद अचानक हिंसक रूप ले लिया। फिलहाल पूरे शहर की नजर इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की जांच और पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है। अदालत में प्रस्तुत साक्ष्य और जांच के निष्कर्ष ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करेंगे।






