जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त के निर्देशानुसार शहरी क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों में की गई अग्नि सुरक्षा मानकों की सघन जांच, छह टीमों ने अलग-अलग संस्थान/ प्रतिष्ठान का किया औचक निरीक्षण

जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर
प्रेस विज्ञप्ति 456/2026
07 जुलाई 2026

जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त के निर्देशानुसार शहरी क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों में की गई अग्नि सुरक्षा मानकों की सघन जांच, छह टीमों ने अलग-अलग संस्थान/ प्रतिष्ठान का किया औचक निरीक्षण

जमशेदपुर शहरी क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री राजीव रंजन के निर्देशानुसार विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत अनुमण्डल पदाधिकारी, धालभूम, जमशेदपुर के नेतृत्व एवं पर्यवेक्षण में 06 (छह) जांच दलों का गठन किया गया है। गठित टीमों में 06 परीक्ष्यमान उपसमाहर्ता के साथ-साथ नगर निकायों के विशेष पदाधिकारी एवं सहायक नगर आयुक्त, सिटी मैनेजर, 01 पुलिस पदाधिकारी तथा 04 सशस्त्र बल शामिल हैं।

अभियान के तहत उक्त टीमों को होटल, मॉल, अस्पताल, विद्यालय, आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों तथा कोचिंग संस्थानों में आपातकालिन स्थिति से निपटने हेतु अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था आदि की जांच का निर्देश दिया गया है। इस क्रम में होटल क्वालिटी इन (साकची), अल्कोर होटल (बिष्टुपुर), गंगा रेजिडेंसी (एमजीएम गोलचक्कर), एमआईआईटीजेईई (MIITJEE) क्लासेस प्रा. लि. (आमबागान), फिजिक्स वाला तथा श्रीमान क्लासेस का सघन निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, फायर सेफ्टी सिस्टम, आपातकालीन निकास, निकासी मार्ग, विद्युत सुरक्षा, अग्निशमन विभाग के आवश्यक दस्तावेज, सुरक्षा संकेतकों की उपलब्धता तथा कर्मचारियों की अग्नि सुरक्षा संबंधी तैयारियों का निरीक्षण किया गया।

उपायुक्त द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि सार्वजनिक उपयोग वाले सभी प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली कमियों को निर्धारित समय-सीमा में दूर कराया जाएगा तथा गंभीर अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा यह विशेष अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए सभी संस्थानों में अग्नि सुरक्षा संबंधी मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।

#Team PRD (East Singhbhum)

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई