चैनपुर मुख्य नहर पुल की जर्जर हालत ने फिर उजागर की सरकारी लापरवाही, रेलिंग नहीं होने से नहर में घुसा हाईवा

चैनपुर मुख्य नहर पुल की जर्जर हालत ने फिर उजागर की सरकारी लापरवाही, रेलिंग नहीं होने से नहर में घुसा हाईवा

चांडिल, 7 जुलाई 2026: चांडिल डैम की मुख्य नहर स्थित चैनपुर पुल पर मंगलवार सुबह करीब 7:00 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पुल पर सुरक्षा रेलिंग नहीं होने के कारण एक हाईवा अनियंत्रित होकर सीधे मुख्य नहर में जा घुसा। राहत की बात रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि चैनपुर मुख्य नहर का यह पुल पिछले 8–9 वर्षों से जर्जर अवस्था में पड़ा है। पुल की रेलिंग लंबे समय से टूटी हुई है और इसकी मरम्मत को लेकर ग्रामीणों ने कई बार संबंधित विभाग, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की। ग्रामीणों ने कई बार आंदोलन और विरोध-प्रदर्शन भी किए, लेकिन आज तक किसी ने गंभीरता से संज्ञान नहीं लिया।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुल की मरम्मत कर रेलिंग लगाई गई होती, तो आज यह हादसा नहीं होता। उनका कहना है कि यह केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि विभागीय लापरवाही का परिणाम है।

लोगों ने यह भी कहा कि घटना सुबह 7 बजे हुई, जो स्कूल खुलने के समय से पहले थी। यदि उस समय स्कूल के बच्चे या अन्य राहगीर पुल पर मौजूद होते, तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। इस दृष्टि से यह एक चेतावनी है कि प्रशासन और संबंधित विभाग अब भी नहीं चेते तो भविष्य में इससे भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

स्थानीय लोगों ने सरकार, संबंधित विभाग, प्रशासन, विधायक और सांसद से तत्काल पुल की मरम्मत, सुरक्षा रेलिंग निर्माण तथा जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई