झाड़ग्राम में प्रसव के बाद झूमुर शिल्पी रजनी की मौत, परिजनों ने निजी नर्सिंगहोम पर लापरवाही का लगाया आरोप

झाड़ग्राम में प्रसव के बाद झूमुर शिल्पी रजनी की मौत, परिजनों ने निजी नर्सिंगहोम पर लापरवाही का लगाया आरोप

झाड़ग्राम जिले के रघुनाथपुर क्षेत्र स्थित एक निजी नर्सिंगहोम में प्रसव के कुछ घंटे बाद झूमुर शिल्पी रजनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतका के परिजनों ने डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों के अनुसार, रजनी ने बुधवार रात एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया था। प्रसव के बाद मां और नवजात दोनों की स्थिति सामान्य बताई जा रही थी। लेकिन देर रात अचानक रजनी को पेट में तेज दर्द और सांस लेने में तकलीफ शुरू हो गई। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने कई बार ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर को बुलाने का प्रयास किया, लेकिन डॉक्टर मरीज को देखने नहीं आए। इसके बाद एक नर्स ने पेट दर्द का इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद रजनी की तबीयत और बिगड़ गई।मृतका के पति चिन्मय महतो ने आरोप लगाया कि समय पर उचित इलाज नहीं मिलने के कारण उनकी पत्नी की हालत लगातार खराब होती गई और गुरुवार तड़के करीब तीन बजे उसकी मौत हो गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि सुबह जब उन्होंने शव देखा तो हाथ-पैरों का रंग हरा पड़ चुका था।घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने नर्सिंगहोम के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि डॉक्टर एवं नर्स की लापरवाही ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच होने तक संबंधित नर्सिंगहोम को बंद रखा जाए तथा दोषी डॉक्टर और नर्स को तत्काल निलंबित कर गिरफ्तार किया जाए।घटना की सूचना झाड़ग्राम थाना पुलिस को दे दी गई है।

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, रजनी की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जन्म के कुछ ही घंटे बाद नवजात शिशु अपनी मां का साया खो बैठा, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। यदि जांच में लापरवाही सिद्ध होती है तो संबंधित नर्सिंगहोम का लाइसेंस रद्द किया जाए और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई