एहतेशाम वकारिब बने जमशेदपुर के नए एसएसपी, सरकार ने जारी की अधिसूचना

एहतेशाम वकारिब बने जमशेदपुर के नए एसएसपी, सरकार ने जारी की अधिसूचना
जमशेदपुर: झारखंड सरकार ने पूर्वी सिंहभूम जिले के नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के रूप में 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी एहतेशाम वकारिब की नियुक्ति की है। सरकार द्वारा बुधवार देर शाम जारी अधिसूचना के अनुसार, वर्तमान में सीआईडी में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पद पर कार्यरत एहतेशाम वकारिब को तत्काल प्रभाव से जमशेदपुर का नया एसएसपी बनाया गया है। उन्हें अगले आदेश तक पूर्वी सिंहभूम जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (डीडी) बार के बाहर हुई चर्चित हत्याकांड के बाद जमशेदपुर की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर लगातार सवाल उठ रहे थे। इस घटना के बाद शहर में तनाव का माहौल बना था और पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े हुए थे।
इसी मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को तत्कालीन जमशेदपुर एसएसपी पीयूष पांडे और सरायकेला-खरसावां की एसपी निधि द्विवेदी को उनके पदों से हटाकर पुलिस मुख्यालय (हेडक्वार्टर) से संबद्ध कर दिया था। इसके बाद बुधवार को सरकार ने एहतेशाम वकारिब को जमशेदपुर का नया एसएसपी नियुक्त करने का आदेश जारी किया।


एहतेशाम वकारिब का जमशेदपुर से पुराना जुड़ाव रहा है। वे वर्ष 2018 से 2020 तक रेल एसपी, जमशेदपुर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। रेल एसपी के रूप में उनके कार्यकाल को प्रभावी पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण के लिए याद किया जाता है। इसके बाद उनका तबादला गुमला किया गया, जहां उन्होंने एसपी के रूप में कार्य किया। हाल ही में वे सीआईडी में एसपी के पद पर तैनात थे।
शहर में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं और हालिया घटनाक्रम के बीच सरकार द्वारा किया गया यह बदलाव प्रशासनिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें नए एसएसपी एहतेशाम वकारिब पर होंगी कि वे कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और आम लोगों का पुलिस प्रशासन पर विश्वास बहाल करने के लिए किस तरह की रणनीति अपनाते हैं।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई