साइबर खतरा, हेल्थ बीमा के नाम पर और मोबाइल हैक कर लाखों रूपए उड़ाए जा रहे है

रांची: राजधानी में साइबर अपराधी लगातार एक्टिव हैं और बड़ी आसानी से ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. राजधानी में पिछले 36 घंटे में तीन लोगों के साथ साइबर ठगी की गई है. तीनों मामले साइबर क्राइम थानों में दर्ज हुए हैं.

पहला मामला रांची के हटिया की रहने वाली हन्ना पूर्ति की है. साइबर ठगों द्वारा भेजे गए लिंक को खोलते ही हन्ना पूर्ती के खाते से 8.40 लाख रुपए गायब हो गए. इस संबंध में हन्ना पूर्ती ने साइबर क्राइम थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. हन्ना पूर्ती ने पुलिस को बताया कि उन्हें एक व्यक्ति ने फोन किया और खुद को एक बैंक का अधिकारी बताते हुए कहा कि क्रेडिट कार्ड में उनका हेल्थ बीमा हुआ है. जिसमें उन्हें पांच हजार रुपए डेबिट करना है.

फोन पर साइबर अपराधी ने बताया कि 5 हजार में ही उनका हेल्थ बीमा पूरा हो जाएगा. जिसके बाद ठग ने हन्ना पूर्ती को उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक लिंक भेजा. जिसे ओपन करते ही हन्ना पूर्ती के खाते से राशि की अवैध निकासी कर ली गई. बाद में उधर से कोई जवाब नहीं मिला तो हन्ना को समझ आया कि उनके साथ ठगी की गई है. जिसके बाद वह साइबर थाना पहुंची और मामला दर्ज कराया.

मोबाइल हैक कर खाते से उड़ा लिए 6.77 लाख

दूसरा मामला रांची के बरियातू थाना क्षेत्र का है. थाना क्षेत्र के मोरहाबादी स्थित रतन हाइट्स की निवासी 66 वर्षीय उषा जैन साइबर ठगी का शिकार हो गई. बुजुर्ग उषा के अनुसार 10 जून से 18 जून के बीच साइबर ठगों ने उनके मोबाइल हैक कर आईडीबीआई बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से 6.77 लाख रुपए की अनधिकृत निकासी कर ली. जबकि आश्चर्यजनक रूप से उन्हें बैंक की ओर से किसी भी लेन-देन संबंधित कॉल, एसएमएस अथवा अन्य सूचना प्राप्त नहीं हुई.

मामले का खुलासा तब हुआ जब वह ऑडिट के लिए बैंक स्टेटमेंट निकाल रही थी. इस संबंध में बुजूर्ग उषा जैन ने साइबर क्राइम थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पांच जून और 8 जून 2026 को उनके मोबाइल नंबर से उनकी जानकारी और सहमति के बिना एसएमएस भेजे गए. साथ ही 10 जून को उन्हें केवाईसी अपडेट का संदेश प्राप्त हुआ, जबकि उन्होंने कोई केवाईसी अपडेट नहीं कराया था.
मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए 4 लाख रुपये

तीसरा मामला लोउर बाजार इलाके का है. लोअर बाजार थाना क्षेत्र के बसार टोली निवासी संतोष कुमार वर्मा के बैंक खातों से साइबर अपराधियों द्वारा मोबाइल हैक कर चार लाख रुपये की ठगी कर ली गई. संतोष कुमार वर्मा ने बताया कि उनके इंडसइंड बैंक, रांची शाखा स्थित व्यक्तिगत तथा एचयूएफ खातों से दो-दो लाख रुपए निकाल लिए गए.

घटना की जानकारी उन्हें तब हुई जब उनके मोबाइल पर लगातार ओटीपी और कॉल फॉरवर्डिंग संबंधी मैसेज आने लगे. जबकि उन्होंने किसी के साथ ओटीपी साझा नहीं किया और न ही किसी अनुरोध को स्वीकार किया था. संदेह होने पर वे तत्काल बैंक पहुंचे और दोनों खाते फ्रीज करने का अनुरोध किया. इसी दौरान बैंक अधिकारियों ने उन्हें खातों से कुल चार लाख रुपए निकाले जाने की जानकारी दी. जिसके बाद वह साइबर क्राइम थाना पहुंचे और मामला दर्ज कराया.

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई