लातेहार की दो सगी बहनों के साथ गैंगरेप, पटना के नौबतपुर में 13 लोगों पर केस दर्ज

लातेहार की दो सगी बहनों के साथ गैंगरेप, पटना के नौबतपुर में 13 लोगों पर केस दर्ज

पटना/लातेहार : बिहार की राजधानी पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र में झारखंड के लातेहार जिले की रहने वाली दो सगी बहनों के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िताएं मीठापुर में रहकर डांस कार्यक्रमों में हिस्सा लेती हैं। मामले में पुलिस ने तीन नामजद समेत 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

जानकारी के अनुसार, 18 जून को मुन्ना कुमार नामक व्यक्ति ने एक तिलक समारोह में डांस कार्यक्रम के लिए दोनों बहनों को 8 हजार रुपये में बुक किया था। आरोप है कि वह उन्हें स्कूटी से अपने गांव नौबतपुर ले गया, जहां मुन्ना कुमार, उसके चचेरे भाई सूरज कुमार, भानू कुमार और अन्य युवकों ने दोनों बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

पीड़िताओं का आरोप है कि पूरी रात उनके साथ दरिंदगी की गई। अगले दिन 19 जून को सूरज कुमार दोनों को वापस मीठापुर छोड़ने के लिए निकला। इसी दौरान फुलवारीशरीफ के एक भीड़भाड़ वाले इलाके में दोनों बहनों ने शोर मचाकर लोगों से मदद मांगी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले गई।

घटना की जानकारी मिलते ही नौबतपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

नौबतपुर थाना प्रभारी मंजीत कुमार ठाकुर ने बताया कि पीड़िताओं के आवेदन के आधार पर तीन नामजद और 10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment