एसएसपी कार्यालय के पास युवक ने की फायरिंग, मची अफरा-तफरी

एसएसपी कार्यालय के पास युवक ने की फायरिंग, मची अफरा-तफरी

जमशेदपुर,: शहर के साकची थाना क्षेत्र स्थित एसएसपी कार्यालय से महज 50 मीटर की दूरी पर शुक्रवार रात एक युवक द्वारा फायरिंग किए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना रात करीब 9:20 बजे जुबिली रोड स्थित अभिषेक जुबिली दुकान के समीप हुई, जहां उस समय बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक अचानक वहां पहुंचा और हथियार निकालकर हवा में गोली चला दी। गोली की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के बाद आरोपी पहले से खड़ी एक गाड़ी में बैठकर मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर साकची थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया है। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान और वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

फायरिंग की घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में दहशत का माहौल है। कई दुकानदारों ने सुरक्षा की दृष्टि से अपनी दुकानें बंद कर दीं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। एसएसपी कार्यालय और साकची थाना के नजदीक हुई इस घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment