जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर
प्रेस विज्ञप्ति 410/2026
19 जून 2026
उपायुक्त ने जन शिकायत निवारण दिवस में सुनी नागरिकों की समस्याएं, प्राप्त आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं को सुना तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को मामलों का त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान भूमि अधिग्रहण मुआवजा, फीस माफी, मारपीट एवं धमकी से संबंधित मामले, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान आवंटन, सड़क मरम्मती, दिव्यांग व्यक्तियों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने, जमीन विवाद, भूमि पर अवैध दखल, मंईयां सम्मान योजना का लाभ दिलाने, पेयजल समस्या समेत विभिन्न जनहित एवं सामाजिक मुद्दों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।उपायुक्त ने सभी मामलों की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस प्रशासन और आमजन के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम है, जिसके जरिए नागरिक अपनी समस्याओं को सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखते हैं।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जनहित से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगा। सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्राप्त शिकायतों का संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके।
#Team PRD (East Singhbhum)





