साकची बाजार से लापता तीन वर्षीय आफरीन पश्चिम बंगाल से बरामद, दंपती गिरफ्तार

साकची बाजार से लापता तीन वर्षीय आफरीन पश्चिम बंगाल से बरामद, दंपती गिरफ्तार
जमशेदपुर: साकची बाजार से 26 मई को लापता हुई तीन वर्षीय मासूम आफरीन को पुलिस ने सकुशल बरामद कर उसके परिजनों से मिला दिया है। बच्ची के मिलने से परिवार में खुशी का माहौल है। पुलिस ने इस मामले में अपहरण के आरोप में कपाली निवासी अब्दुल जसीम उर्फ लखन और उसकी पत्नी अफसाना बेगम को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 26 मई को आफरीन अपने परिजनों के साथ साकची बाजार आई थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। बच्ची के गायब होने के बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू करते हुए विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए।
सिटी एसपी ने बताया कि बच्ची की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने लगभग 50 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की बारीकी से जांच की। फुटेज में एक संदिग्ध दंपती बच्ची को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिए। इसके आधार पर पुलिस ने उनकी पहचान कर उनका पीछा किया।


जांच में पता चला कि कपाली निवासी अब्दुल जसीम उर्फ लखन और उसकी पत्नी अफसाना बेगम बच्ची को अपने साथ लेकर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के झालदा थाना क्षेत्र स्थित पुष्टि गांव चले गए थे। पुलिस टीम ने वहां छापेमारी कर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी को लगभग 10 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन उन्हें कोई संतान नहीं हुई। संतान नहीं होने के कारण समाज और रिश्तेदारों की ओर से उन्हें तरह-तरह की बातें सुननी पड़ती थीं। इसी मानसिक दबाव के चलते जब वे 26 मई को बाजार गए तो उनकी नजर आफरीन पर पड़ी। बच्ची को अकेला देखकर वे उसे अपने साथ ले गए और अपने गांव लेकर चले गए।
सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस की तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और लगातार की गई छानबीन के कारण बच्ची का सुराग मिला। इसके बाद पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए आफरीन को झालदा से बरामद कर लिया गया। बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है और उसे उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, अपनी बेटी को सुरक्षित वापस पाकर आफरीन के परिजनों ने जमशेदपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया है। इस सफल कार्रवाई को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई