रांची रेलवे स्टेशन पर 61 किलो गांजा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
रांची : नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन NARCOS के तहत रांची रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए आरपीएफ ने 61 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 30.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान आरपीएफ फ्लाइंग टीम, आरपीएफ पोस्ट रांची और आरपीएफ अपराध शाखा की टीम ने 30 मई 2026 को ट्रेन संख्या 18309 संबलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस की जांच की। जांच के दौरान बी-3 कोच में तीन युवक चार ट्रॉली बैग और तीन पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध स्थिति में पाए गए।
पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अधिकारियों ने सख्ती से जांच की, जिसके बाद युवकों ने बैगों में गांजा होने की बात स्वीकार कर ली। ट्रेन के नामकुम स्टेशन पहुंचने पर तीनों को सामान सहित उतारकर विधिसम्मत तरीके से तलाशी ली गई। जांच में कुल 61 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन 61 किलोग्राम निकला।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष सिंह (22), प्रिंस कुमार (21) और अंकित पाठक (19) के रूप में हुई है। तीनों बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले हैं। इनके पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
सहायक सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ प्रताप सिंह नेगी के निर्देशन में डीडी किट से जब्त पदार्थ की जांच की गई, जिसमें गांजा होने की पुष्टि हुई। इसके बाद बरामद गांजा और अन्य सामान को जब्त कर लिया गया।
आरपीएफ ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया है। पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किस स्थान पर की जानी थी।
इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर शिशुपाल कुमार, इंस्पेक्टर लालबहादुर, एएसआई योगेंद्र कुमार, एएसआई अनिल कुमार, एएसआई अभिषेक कुमार समेत कई आरपीएफ कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नशा तस्करी के खिलाफ इसे आरपीएफ की बड़ी सफलता माना जा रहा है।






