टीएमएच गोलचक्कर पर दर्दनाक सड़क हादसा, दमकल वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत

टीएमएच गोलचक्कर पर दर्दनाक सड़क हादसा, दमकल वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत
जमशेदपुर: शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल बिष्टुपुर स्थित टीएमएच गोलचक्कर पर सोमवार दोपहर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। मृतक की पहचान जुगसलाई पीबी रोड निवासी मो. हुसाम अख्तर के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मो. हुसाम अख्तर अपनी बाइक से यूनाइटेड क्लब की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक दमकल वाहन बिष्टुपुर की दिशा में जा रहा था। टीएमएच गोलचक्कर के पास दोनों वाहनों के बीच अचानक आमना-सामना हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई और दमकल वाहन के नीचे जा घुसी। हादसे में युवक वाहन के पहिए की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना होते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को बचाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों की मदद से घायल युवक को वाहन के नीचे से निकाला गया और आनन-फानन में टेंपो के माध्यम से टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक का इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर, बिष्टुपुर थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और दमकल वाहन को जब्त कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद एक बार फिर टीएमएच गोलचक्कर जैसे अत्यधिक व्यस्त यातायात क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा, वाहन संचालन की सावधानी और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त चौराहों पर वाहनों की बढ़ती संख्या और तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है, जिसे रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष मुकेश मित्तल के बेटे खुश मित्तल ने जे ई ई एडवांस की परीक्षा में उत्तीर्ण होकर देश की प्रतिष्ठित आई आई टी कॉलेज में अध्ययन करने की पात्रता प्राप्त की।