हैदराबाद: गूगल ने एंड्रॉयड यूज़र्स के लिए एक बड़ा अपडेट पेश किया है. गूगल ड्राइव का डॉक्यूमेंट स्कैनर पूरी तरह से नए रूप में आ गया है, और इस बार इसमें कुछ ऐसे फीचर्स दिए गए हैं जो इसे पहले से कहीं ज्यादा उपयोगी और तेज़ बनाते हैं. पिछले साल इस फीचर की बीटा टेस्टिंग शुरू हुई थी, जिसमें यूज़र्स को पुराने स्कैनर पर वापस जाने का विकल्प भी दिया गया था. हालांकि अब यह नया स्कैनर पूरी तरह से रोलआउट हो रहा है और बीटा वाला बीकर आइकन भी इंटरफेस से हटा दिया गया है.
नए स्कैनर में स्मार्ट बैच स्कैनिंग का फीचर दिया गया है. इसमें आपको हर पेज के लिए अलग-अलग फोटो नहीं खींचनी होती. बस कैमरा को पेज के ऊपर घुमाते रहिए और स्कैनर खुद-ब-खुद सारे पेज कैप्चर करता जाएगा.
यह अनुभव किसी वीडियो रिकॉर्डिंग जैसा है. स्कैन का प्रीव्यू तुरंत स्क्रीन के नीचे दिखाई देता है. अगर आप ऑटो स्कैनिंग रोकना चाहते हैं, तो पॉज़ बटन का इस्तेमाल करें. पहले से ली गई तस्वीरें जोड़ने के लिए सिस्टम फाइल पिकर भी बाईं तरफ उपलब्ध है.






