मंईयां योजना में फर्जीवाड़ा का खुलासा हुआ सिमडेगा में एक व्यक्ति महिलाओं के नाम पर पैसे उठा रहे थे.

सिमडेगा: जलडेगा प्रखंड में झारखंड सरकार की मंईयां सम्मान योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है. इस योजना में एक पुरुष द्वारा महिलाओं के नाम पर करीब एक वर्ष तक सम्मान राशि उठाने का मामला उजागर हुआ है. मामला संज्ञान में आने के बाद प्रशासन ने प्राथमिकी दर्ज कराई है.

मिली जानकारी के अनुसार, मंईयां सम्मान योजना के तहत चल रहे डोर टू डोर सत्यापन अभियान के दौरान इस सनसनीखेज का खुलासा हुआ है. जांच में पता चला कि टिनगीना निवासी पंकज नाग ने फर्जी तरीके से योजना का लाभ उठाया है. उसने जून 2025 से मार्च 2026 तक लगातार 2500 रुपये प्रतिमाह अपने खाते में प्राप्त किए. इस तरह उसने कुल 30 हजार रुपये की सरकारी राशि हड़प ली.

मामले में जलडेगा बीडीओ डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि तत्काल कार्रवाई करते हुए जलडेगा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. प्राथमिकी में आरोपी पंकज नाग, पिता मदन नाग, निवासी टिनगीना और पियोसोकरा निवासी प्रज्ञा केंद्र संचालक कुमार चाणक्य को नामजद किया गया है.

उन्होंने बताया कि कुमार चाणक्य ने अपनी सीएससी आईडी पंकज नाग को उपयोग के लिए दे रखी थी. उसी आईडी के माध्यम से मंईयां सम्मान योजना का ऑनलाइन आवेदन भरा गया था. प्रशासन ने टिनगीना पंचायत के तत्कालीन पंचायत सचिव सनातन सिंह से भी स्पष्टीकरण मांगा है.
जलडेगा थाना में कांड संख्या 33/26 दर्ज कर बीएनएस 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. प्रशासन ने आरोपी से 30 हजार रुपये की रिकवरी कर राशि नजारत में जमा करा दी है तथा बैंक खाते को भी होल्ड कर दिया गया है. साथ ही मामले की जांच जारी है.

 

 

Leave a Comment