जादूगोड़ा में चोरों का आतंक, एक ही रात स्कूल समेत तीन घरों में लाखों की चोरी
पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा क्षेत्र में एक बार फिर चोरों का आतंक बढ़ता नजर आ रहा है। बीती गुरुवार रात चोरों ने पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए एक सरकारी विद्यालय समेत तीन घरों को निशाना बनाया और लाखों रुपये के गहने, नगदी व अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार पहली घटना जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के भुरकाडीह निवासी गायत्री भक्त के घर में हुई। देर रात चोर लोहे के सबल की मदद से मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर के अंदर घुस गए। उस समय घर के सभी सदस्य भीषण गर्मी के कारण पक्की छत पर सो रहे थे। चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए घर के अंदर रखी दो अलमारियों को खंगाल डाला और करीब ढाई लाख रुपये के सोने-चांदी के गहनों के साथ साढ़े चार हजार रुपये नगद लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिवार के लोग नीचे उतरे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली मिली। इसके बाद घटना की जानकारी आसपास के लोगों और पुलिस को दी गई।
इसी रात चोरों ने मोनिका रानी भक्त और किशोर कुमार गिरी के घर को भी निशाना बनाया। चोरों ने घर की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नगद राशि समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। हालांकि दोनों घरों से कितनी संपत्ति चोरी हुई है, इसका आकलन परिवार के लोग कर रहे हैं।
चोरों का दुस्साहस यहीं नहीं रुका। जाते-जाते चोरों ने आसनवनी उत्क्रमित उच्च विद्यालय को भी निशाना बना डाला। चोरों ने विद्यालय के सात कमरों का ताला तोड़ दिया और अंदर रखे करीब 25 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति, जरूरी दस्तावेज तथा कई सरकारी फाइलें अपने साथ ले गए। विद्यालय में चोरी की घटना सामने आने के बाद शिक्षकों और स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है। सरकारी फाइलों की चोरी से स्कूल प्रबंधन की चिंता और बढ़ गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद जादूगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरी में शामिल अपराधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
लगातार हुई इन चोरी की घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल है। लोगों ने कहा कि यदि पुलिस की गश्ती नियमित और सख्त हो तो इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।
फिलहाल एक ही रात में चार जगहों पर हुई चोरी की इस वारदात ने जादूगोड़ा क्षेत्र के लोगों को दहशत में डाल दिया है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।






